चालू वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत सरकार के लिए सकारात्मक रही है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 जून 2026 तक नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 14.64 फीसदी बढ़कर ₹5.21 लाख करोड़ पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा काफी कम था। यह वृद्धि भारतीय अर्थव्यवस्था में मजबूत कारोबारी गतिविधियों और बेहतर टैक्स अनुपालन का संकेत माना जा रहा है।
डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में कॉरपोरेट टैक्स और गैर-कॉरपोरेट टैक्स, जिसमें व्यक्तिगत आयकर भी शामिल है। दोनों का योगदान रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि शुरुआती महीनों में टैक्स कलेक्शन की यह गति पूरे वित्त वर्ष के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित हो सकती है।
कॉर्पोरेट टैक्स में इजाफा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार कंपनियों ने टैक्स देने में दिल खोलकर हिस्सा लिया है। कॉर्पोरेट टैक्स यानी कंपनियों से मिलने वाला टैक्स 22.4 फीसदी बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, आम जनता और अन्य लोगों से मिलने वाला पर्सनल इनकम टैक्स भी 8.4 फीसदी की बढ़त के साथ 2.93 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
शेयर बाजार से जुड़े सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 17 जून तक STT कलेक्शन 18,856 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 13,013 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग 44.9 फीसदी ज्यादा है।
एडवांस टैक्स कलेक्शन कितना रहा?
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एडवांस टैक्स कलेक्शन के आंकड़े भी उत्साहजनक रहे हैं। 17 जून 2026 तक एडवांस टैक्स के रूप में कुल 1,78,373.06 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 1,54,706.02 करोड़ रुपये था। यानी एडवांस टैक्स संग्रह में 15.30 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
कितना रिफंड हुआ जारी
सरकार ने टैक्सपेयर्स को 89,025.71 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया है। एक साल पहले इसी अवधि में रिफंड का आंकड़ा 87,979.39 करोड़ रुपये था। रिफंड में सालाना आधार पर 1.19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अगर ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन की बात करें तो यह 6.10 लाख करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 12.46 फीसदी बढ़ा है।

Related Posts
सहारा डिबेंचर मामला : SAT के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची SEBI
NSE IPO : 10 साल बाद राह आसान : मंजूरी के लिए DRHP फाइल; क्या बनेगा अब तक का सबसे बड़ा IPO?
रुपया की बड़ी उछाल : डॉलर के मुकाबले 94.29 पर पहुंचा, जानें मजबूती की वजह