July 4, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

अब दुनिया को चिप सप्लाई करेगा भारत, PM मोदी ने किया सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में CG सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन किया. यह प्रोजेक्ट ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ (ISM) के तहत मंजूरी पाने वाले चार प्रमुख प्रोजेक्ट्स में से एक है. इसे 7,500 करोड़ से ज्यादा के निवेश के साथ तैयार किया गया है.

इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “इस प्लांट में बनने वाली चिप्स का इस्तेमाल कारों, स्कूटरों और कई तरह के औद्योगिक कामों में किया जाएगा. सबसे बड़ी बात यह है कि इस सुविधा में तैयार भारत निर्मित चिप्स जापान, अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित बाजारों को एक्सपोर्ट की जाएंगी. इससे भारतीय टेक्नोलॉजी को दुनिया भर में एक नई पहचान मिलेगी. प्रधानमंत्री के पक्के इरादे की वजह से ही यह नामुमकिन काम आज सच हो पाया है.”

इस कॉम्प्लेक्स में एक ‘मिनी-इंडिया’ बसता है : पीएम मोदी
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, “पांच साल पहले, भारत ने देश को सेमीकंडक्टर हब बनाने का संकल्प लिया था। हम ‘डिजाइन इन इंडिया, मेक इन इंडिया’ के मंत्र के साथ आगे बढ़े, और आज, देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में चिप पैकेजिंग का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो रहा है. मुझे 2024 में इस प्लांट की आधारशिला रखने का मौका मिला था. यहां अगस्त 2025 में चिप्स की टेस्टिंग शुरू हुई थी, और आज इस प्लांट का उद्घाटन हो गया है. आधारशिला रखने से लेकर प्रोडक्शन शुरू होने तक का यह सफर निस्संदेह कई लोगों की कड़ी मेहनत का नतीजा है. मंच पर आने से ठीक पहले, मुझे इस प्रोजेक्ट से जुड़े कई लोगों से बातचीत करने का मौका मिला. एक तरह से, ऐसा लगता है जैसे इस कॉम्प्लेक्स में एक ‘मिनी-इंडिया’ बसता है; यहां अलग-अलग बैकग्राउंड के लोग मौजूद हैं. मैंने एक अनोखा माहौल महसूस किया.

हर साल 20 करोड़ चिप्स बनाए जाएंगे
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, “मुझे बताया गया है कि यहां हर साल 20 करोड़ चिप्स बनाए जाएंगे. मुझे यह भी पता चला है कि आप यहीं नहीं रुकेंगे; आपने हर साल 500 करोड़ चिप्स बनाने का लक्ष्य रखा है-यानी हर दिन 1.5 करोड़ से ज्यादा चिप्स. मुझे पूरा भरोसा है कि आप बहुत जल्द यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे. यह भरोसा इसलिए भी है क्योंकि ‘सेमीकॉन इंडिया’ प्रोग्राम तेजी से आगे बढ़ रहा है-एक-एक कदम, एक-एक ईंट और अब, एक-एक चिप के साथ.

20 साल पहले मैंने गुजरात में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने का बनाया था प्लान
पीएम मोदी ने आगे कहा- “20 साल पहले, शायद उससे भी पहले मैंने गुजरात में एक सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने का पूरा प्लान बनाया था. मैंने 350 से 400 एकड़ जमीन तय कर ली थी और कुछ कंपनियों से बातचीत भी की थी. उस समय भारत सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही थी, इसलिए कंपनियां बातचीत के लिए आती थीं. लेकिन किसी वजह से भारत सरकार के हाथ बंधे हुए से लगे और मामला आगे नहीं बढ़ पाया. आज जब मैं इसे होते हुए देखता हूं, तो मुझे बहुत खुशी होती है. उस समय जब देश में इन विषयों पर कोई बात नहीं करता था और जब मैं बात करता था, तो मीडिया मेरा मजाक उड़ाता था. तब तो ऐसा नहीं हो पाया, लेकिन आज इसे होते हुए देखकर मुझे बहुत ज्यादा खुशी हो रही है.”

सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना भारत: CM भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस उपलब्धि को देश के आर्थिक बदलाव का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ (कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के समूह) की श्रेणी से बाहर निकलकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत नए मुकाम हासिल कर रहा है. साणंद का यह नया CG Semi प्लांट भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन में एक बेहद अहम पार्टनर के तौर पर स्थापित करेगा और देश के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूती देगा.

रोजगार के नए अवसर और विशेषताएं

कुल निवेश : 7,500 करोड़ से अधिक
रोजगार सृजन : इस प्लांट के शुरू होने से 5,000 से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
वैश्विक पहचान : भारत अब सिर्फ चिप का इस्तेमाल करने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को चिप सप्लाई करने वाला देश बनने की ओर अग्रसर है.

Spread the love