August 6, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज चोपड़ा ने जीता रजत, यशवीर सिंह ने आखिरी थ्रो में दिलाया कांस्य

Udaan Desk. भारतीय भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने कठिन मौसम और तेज हवाओं के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक अपने नाम किया। हालांकि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दोहरा सके, लेकिन 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के दम पर दूसरे स्थान पर रहने में सफल रहे।

टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता 28 वर्षीय नीरज ने यह थ्रो अपने दूसरे प्रयास में किया। इससे पहले उनका इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 85.69 मीटर था, जो उन्होंने 19 जून को दोहा डायमंड लीग में किया था, जहां वह चौथे स्थान पर रहे थे।

भारत के लिए एक और खुशी की बात यह रही कि पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे 24 वर्षीय यशवीर सिंह ने अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर कांस्य पदक जीत लिया। यशवीर पांचवें दौर तक 81.33 मीटर के साथ सातवें स्थान पर थे, लेकिन आखिरी प्रयास में उन्होंने सभी को चौंकाते हुए अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 83.72 मीटर था।

स्वर्ण पदक श्रीलंका के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी रूमेश थरंगा पथिरागे ने जीता। उन्होंने बेहद ठंड और तेज हवाओं के बावजूद 89.75 मीटर का थ्रो फेंका। पथिरागे ने जून में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो भी किया था। भारत के रोहित यादव 81.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सातवें स्थान पर रहे।

वहीं, पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और गत राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम 77.41 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहले तीन दौर के बाद ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए। मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वालकॉट छठे स्थान पर रहे।

Spread the love