September 2, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

दिल्ली को दहलाने की साजिश : हाई कोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नईदिल्ली. स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। देश की राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले छह जगहों पर बम की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां ​​हरकत में आ गई हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत हाई अलर्ट जारी कर दिया और एक्शन में आ गई। इन जगहों में दिल्ली हाई कोर्ट भी शामिल है। हाई कोर्ट को यह धमकी ईमेल के जरिए मिली और बम निरोधक दस्ते ने परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

हाई कोर्ट समेत 6 जगहों पर मिली धमकी
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट के अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड बिल्डिंग, MB साकेत में DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट में SDM ऑफिस को लेकर भी धमकियां मिली हैं।

2.11 बजे धमाके की धमकी
शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिससे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। यह धमकी स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले मिली है।कोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल जरूरी मदद के लिए दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं। सूत्रों ने बताया कि ईमेल में “दोपहर 2:11 बजे दिल्ली हाई कोर्ट में धमाका” करने की बात कही गई थी।

दिल्ली हाई कोर्ट में अब तक कोई खतरा नहीं
दिल्ली हाई कोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी, एडवोकेट कुणाल ने बताया, कि “बम की धमकी झूठी लग रही है। सब कुछ कंट्रोल में है। बम स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं। अभी कोई खतरा नहीं है।”

कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, दिल्ली में जामा नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, MB साकेत ऑफिस, DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 और दिल्ली कैंटोनमेंट में SDM ऑफिस समेत पांच जगहों पर बम की धमकी वाली कॉल मिलीं। सभी जगहों पर दमकल की गाड़ियां भेजी गई हैं। अब तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। मेट्रो स्टेशन, बाजार, मॉल, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचानना और लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

Spread the love