June 18, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

PM मोदी 19 जून को बांटेंगे PM-VBRY की ₹2400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून को ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM-VBRY) के तहत देशभर के लाभार्थियों को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य रोजगार को बढ़ावा देना और कर्मचारियों के साथ-साथ नियोक्ताओं को भी औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना है। पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को इस योजना के तहत ₹15,000 तक का इंसेंटिव मिलेगा, जिससे उन्हें कार्यबल में शामिल होने में मदद मिलेगी।

इस योजना का मुख्य कार्यक्रम 19 जून 2026 को शाम 5 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। PM-VBRY योजना के तहत न केवल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। जो कंपनियां या संस्थान अतिरिक्त रोजगार सृजित करेंगी, उन्हें प्रति नए कर्मचारी पर 3,000 रुपए प्रति माह तक का इंसेंटिव दिया जाएगा। इससे देश में स्थायी रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सरकार का कहना है कि इस योजना के माध्यम से रोजगार को औपचारिक सेक्टर से जोड़ने, युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा के दायरे को व्यापक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक इस योजना के तहत देशभर में करीब 15 लाख नए रोजगार अवसर पैदा किए जा चुके हैं। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस क्षेत्र के नियोक्ताओं को चार साल तक इंसेंटिव का लाभ मिलेगा, जबकि अन्य क्षेत्रों के लिए यह अवधि दो साल तय की गई है। सरकार का मानना है कि इससे औद्योगिक उत्पादन और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

योजना का उद्देश्य केवल नौकरी उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्थायी और सुरक्षित रोजगार से जोड़ना भी है। इससे देश में आर्थिक विकास की गति तेज होने और रोजगार आधारित विकास मॉडल को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। PM-VBRY योजना को सरकार की एक बड़ी पहल माना जा रहा है, जो युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ कंपनियों को भी विस्तार के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Spread the love