नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे खुद Google पर जाकर जांच करें कि NEET 2024 पेपर लीक के दौरान NTA का महानिदेशक कौन था और सरकार ने उसे अब किस पद पर बैठाया है।
‘विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को इनाम मिलता है’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बीजेपी उन लोगों को संरक्षण देती है जो मेहनती छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया।
राहुल गांधी ने कहा,
“एक काम कीजिए, खुद Google कीजिए। NEET 2024 की भयंकर चोरी के दौरान NTA का DG कौन था और आज उसे कहां बैठाया गया है। बीजेपी इसी तरह भविष्य बर्बाद करने वालों को इनाम देती है।”
‘मोदी सरकार छात्रों के भविष्य की चोरी में साझेदार’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार को रोकने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं बल्कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है।
राहुल गांधी ने लिखा कि-
“जिस बाजार में छात्रों की मेहनत और सपने नीलाम हो रहे हैं, वहां जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम मिलता है।”
NEET परीक्षा रद्द, CBI करेगी जांच
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है। NTA ने कहा है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख अलग नोटिफिकेशन के जरिए घोषित की जाएगी।
‘22 लाख छात्रों की मेहनत बर्बाद हुई’
राहुल गांधी ने कहा कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों ने इस परीक्षा के लिए भारी त्याग किया। किसी परिवार ने कर्ज लिया, तो किसी ने गहने बेचकर बच्चों की पढ़ाई कराई, लेकिन बदले में छात्रों को पेपर लीक और भ्रष्टाचार मिला। उन्होंने कहा कि अब लाखों छात्रों को फिर से मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा।

Related Posts
पाकिस्तान की भारत को धमकी : ‘जो पानी रोकेगा, उसके हाथ काट देंगे’
FIFA World Cup : जर्मनी का किला ढहा, पराग्वे ने रचा इतिहास, ढेर हुई दिग्गज टीम
कमर्शियल खरीदारों को राहत : पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट पाबंदियां खत्म