June 22, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

राजनीतिक रंग में रंगा राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, 26 को अयोध्या जाएंगे अरविंद केजरीवाल

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से हर सनातनी आहत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह शुक्रवार को अयोध्या जाकर श्रीराम मंदिर में दर्शन करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। इसी बीच, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के बयान पर तंज कसा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “जुम्मे की नमाज से पहले या बाद में?” उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

क्या था केजरीवाल का दावा?
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले में बड़े नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर इन नामों का खुलासा हुआ तो सरकार तक गिर सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि करोड़ों रुपये के दान में गड़बड़ी हुई है, लेकिन अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उनके अनुसार न यूपी पुलिस, न ईडी और न सीबीआई ने इस मामले में कोई कार्रवाई की है।

केजरीवाल ने आगे कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा मुद्दा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच और प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद के बीच हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी महंत संजय दास ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी जांच पर उन्हें भरोसा है और जांच से सच सामने आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी की भूमिका दोषी पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

राम मंदिर से जुड़े इस कथित चंदा विवाद ने अब राजनीतिक बयानबाज़ी को और तेज कर दिया है। जहां एक तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर जांच एजेंसियों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल, सभी की नजर एसआईटी जांच पर टिकी है, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है

Spread the love