July 11, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

तेज प्रताप यादव की भविष्यवाणी : बिहार में बहुत जल्द गिरेगी सरकार

बिहार में इन दिनों बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. लेकिन इस बीच जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने मौजूदा बिहार सरकार को लेकर भविष्यवाणी कर दी है, जिसके बाद से चर्चा तेज हो गई है. शुक्रवार को पटना में एनडीए की बैठक हुई थी. इसमें सीएम सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, ललन सिंह, गिरिराज सिंह समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहे.

एक्स पर तेज प्रताप यादव ने क्या लिखा?
तेज प्रताप यादव ने एनडीए की इस बैठक के बाद ही सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट शेयर कर बिहार में सरकार गिरने की भविष्यवाणी की. तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार में बहुत जल्दी सरकार गिरने वाली है. ये मैंने आपको कहा था, भविष्यवाणी किया था. मैं वृंदावन में हूं. बहुत जल्दी बिहार में जो सरकार है, बदल जाएगी’.

तेज प्रताप ने सीधा किया ये दावा
तेज प्रताप यादव ने इस पोस्ट के जरिए यह दावा किया कि सम्राट चौधरी की नेतृत्व वाली सरकार में एनडीए के घटक दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. लेकिन एनडीए के किसी भी नेता की ओर से इस मुद्दे पर टिप्पणी सामने नहीं आई है. ऐसे में तेज प्रताप यादव की इस भविष्यवाणी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है.

एनडीए की बैठक में सीएम सम्राट ने क्या कहा?
इधर, एनडीए की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए संगठन और सरकार के समन्वय को एनडीए और मजबूत करेगा. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद और बैठक की परंपरा स्थापित कर बिहार में गठबंधन को मजबूत आधार प्रदान किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए हमलोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं.

Spread the love