वियतनाम में शनिवार को एक नाव के पलट जाने से 15 भारतीयों की मौत हो गई। वियतनामी न्यूज पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ ने खबर दी कि यह ‘स्पीडबोट’ 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर जा रही थी, तभी फू क्वोक तट के पास अन थोई द्वीप समूह में हॉन मे रुत नगोई द्वीप से करीब 400 मीटर दूर यह पलट गई।
दूतावास में कंट्रोल रूम बनाए गए
‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ ने फू क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के प्रशासन के हवाले से बताया कि आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं मदद के लिए पहुंचीं, जिसके बाद ‘बॉर्डर गार्ड’, नौसेना, तटरक्षक बल व अन्य बल भी बचाव एवं राहत अभियान में उतरे। फू क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है तथा यह अपने सफेद रेत वाले समुद्र तटों, प्रवाल भित्ति और सैर-सपाटे के लिए मशहूर है।
पहले कंट्रोल रूम से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414।
हनोई में दूसरे कंट्रोल रूम से इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है: +84 91 308 9165 भारतीय मिशन ने कहा कि ये नंबर किसी भी मदद और सवाल के लिए उपलब्ध हैं।
अंग्रेजी दैनिक ‘वियतनाम न्यूज’ के अनुसार, इस घटना में 21 लोगों को बचाया गया, जबकि 15 लोगों की जान चली गई, ये सभी पर्यटक थे। रिपोर्ट के मुताबिक जिन लोगों को बचाया गया है, उनमें दो की हालत गंभीर है। दोनों स्थानीय मीडिया संस्थानों के अनुसार समुद्र में ऊंची लहर उठ रही थी और तेज हवा चल रही थी।
भारतीय मिशन हर संभव मदद दे रहे : PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियतनाम में नाव दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर दुख जताया और कहा कि भारतीय मिशन हर संभव मदद दे रहे हैं। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।
परिवारों की पूरी मदद करे विदेश मंत्रालय : कांग्रेस
वहीं कांग्रेस ने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट नाव पलटने की घटना में लापता भारतीय पर्यटकों के परिजन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वियतनाम में भारतीय दूतावास ने उस नाव पर सवार 32 भारतीय पर्यटकों के नाम जारी किए हैं, जो कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के निकट पलट गई थी। घटना से जुड़ी और जानकारी का इंतजार है।

Related Posts
ईरान ने बंद किया होर्मुज तो अमेरिका ने दागीं घातक मिसाइलें; 7 शहरों के 12 ठिकाने तबाह
जापान में ”बावी” तूफान ने मचाई भारी तबाही, अब ताइवान और चीन पर मंडराया खतरा
कमजोर मानसून बिगाड़ेगा आपका बजट, टमाटर से लेकर दाल-चावल तक होंगे महंगे!