July 1, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 सस्ता, इस कंपनी ने घटाए दाम

देश की सबसे बड़ी निजी फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। नई कीमतें 1 जुलाई से देशभर में कंपनी के 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं।

करीब दो साल से ज्यादा समय बाद किसी तेल कंपनी ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए हैं। कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है।

क्यों घटाए गए दाम?
पिछले कुछ दिनों में पश्चिम एशिया में हालात पहले के मुकाबले शांत हुए हैं। इससे कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता कम हुई और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम भी नीचे आ गए। इसी का फायदा अब नायरा एनर्जी ने अपने ग्राहकों को दिया है।

सरकारी पेट्रोल पंपों पर कीमतें वही रहेंगी
फिलहाल इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है।

मार्च में बढ़ाए थे दाम, अब कर दी कटौती
मार्च में जब ईरान से जुड़े तनाव की वजह से कच्चा तेल महंगा हुआ था, तब नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने उतनी ही कटौती कर दी है। यानी मार्च में हुई बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ले ली गई है।

देशभर में हैं 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप
नायरा एनर्जी देश की सबसे बड़ी निजी फ्यूल रिटेल कंपनियों में से एक है। कंपनी के देशभर में 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। गुजरात के वाडिनार में इसकी बड़ी रिफाइनरी भी है, जहां से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई होती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और दूसरे टैक्स अलग-अलग होने की वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में थोड़ा फर्क हो सकता है।

Spread the love