May 17, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

PM मोदी की बड़ी अपील : ईंधन बचाइए, देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनाइए

हैदराबाद। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयम से इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर उपयोग करने से देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और युद्ध जैसे हालात का असर भी कम पड़ेगा।

ऊर्जा संकट के बीच PM मोदी की बड़ी अपील

हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम उत्पाद विदेशों से आयात करता है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा ईंधन का इस्तेमाल सीधे देश की अर्थव्यवस्था पर असर डालता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक ही करें, ताकि वैश्विक संकट का प्रभाव कम हो सके।

सौर ऊर्जा, इथेनॉल और CNG पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी से वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अब हर घर तक सस्ती पाइप गैस पहुंचाने और CNG आधारित व्यवस्था को मजबूत करने पर भी काम कर रही है। पीएम मोदी के मुताबिक, इन प्रयासों की वजह से भारत ऊर्जा संकट का मजबूती से सामना कर पा रहा है।

तेलंगाना सरकार को साथ मिलकर काम करने की सलाह

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने A. Revanth Reddy को केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग दलों की सरकार होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विकास के लिए सभी को साथ चलना जरूरी है उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

रेलवे और हाईवे परियोजनाओं का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क दोगुना हो गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कई रेलवे, हाईवे और पेट्रोलियम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

Spread the love