June 26, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

राम मंदिर दान चोरी मामला : 79 लाख बरामद, 8 आरोपियों को जेल

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को फैजाबाद अदालत में पेश किया गया, जहां करीब एक घंटे से अधिक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. जांच एजेंसियों ने आरोपियों के कब्जे से 79 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है. अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपियों को सोमवार को फिर अदालत में पेश किया जाएगा. वहीं, सहायक अभियोजन अधिकारी नवनीत कुमार ने कहा कि अगली सुनवाई एंटी करप्शन कोर्ट में होगी.

अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि इस कथित गबन और चढ़ावा चोरी मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के 5 से 6 कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है. जांच एजेंसियां उनकी संभावित संलिप्तता की गहन जांच कर रही हैं. अधिकारियों के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में नकदी के साथ कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं. मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज है और इसके वित्तीय व तकनीकी पहलुओं की जांच जारी है. सोमवार को आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किए जाने के दौरान जांच से जुड़े अन्य तथ्यों पर भी सुनवाई होने की संभावना है.

Spread the love