पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी सिया गोयल ने दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी क्योंकि उसके सिर पर बाल नहीं थे और वह विग पहनता था. सिया ने यह भी कहा है कि उसने परिवार की नाराजगी से बचने के लिए शादी से इनकार नहीं किया था.
फोन चैट ने भी खोले कई राज
केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया से पूछताछ के दौरान लोनावला ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि सिया गोयल विरोधाभासी बयान दे रही है. उसके बयान और उसके मोबाइल फोन से बरामद चैट सिया के दावों से मेल नहीं खाती हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार- पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने दावा किया कि उसने पहले ही केतन अग्रवाल को बता दिया था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती. सिया के मुताबिक, इसके जवाब में केतन कहता था कि अब बहुत देर हो चुकी है, बात हद से आगे बढ़ चुकी है और अब कुछ नहीं किया जा सकता. हालांकि, पुलिस का कहना है कि सिया के बयान उपलब्ध डिजिटल सबूतों से मेल नहीं खाते.
फोन चैट ने दावों पर खड़े किए सवाल
जांच अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने सिया और केतन दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इनमें मिली चैट से संकेत मिलता है कि शादी से पहले दोनों सामान्य मंगेतर की तरह बातचीत कर रहे थे और उनके बीच प्रेमपूर्ण संवाद हो रहे थे. एक पुलिस अधिकारी ने कहा- फोन से बरामद चैट के आधार पर उसके दावे भरोसे लायक नहीं लगते. अधिकारी ने बताया कि डिजिटल सबूतों के साथ सभी बयानों का मिलान किया जा रहा है.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
लोनावला ग्रामीण पुलिस का कहना है कि जांच किसी एक एंगल तक सीमित नहीं है. डिजिटल सबूत, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपियों के बयानों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके.
18 जून को हुई थी केतन अग्रवाल की मौत
जानकारी के मुताबिक 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी. इसके बाद मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस को संदेह है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल अपनी जिंदगी के इस चरण में शादी नहीं करना चाहती थी और कथित तौर पर परिवार के दबाव में उसने यह रिश्ता स्वीकार किया था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को 23 जून को गिरफ्तार किया गया था. दोनों फिलहाल 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.

Related Posts
कम वर्षा और अतिवृष्टि से किसानों और नागरिकों को कोई परेशानी न हो : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बुनकरों और शिल्पकारों को मिला सम्मान, अब वैश्विक बाजार से जुड़ेगा मप्र का हुनर
महिला उद्यमियों को ‘सुयशक्ति’ पुरस्कार से किया सम्मानित