June 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

देश भर के आस्थावान लोगों का चंदा चोरी…यह दुखद और शर्मनाक : प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने अयोध्या में राम मंदिर के लिए प्राप्त चंदे की कथित चोरी को ”दुखद और शर्मनाक” बताते हुए शनिवार को कहा कि इसकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। वायनाड कलेक्ट्रेट में एक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रियंका ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार मामले की गहन जांच कराए। उन्होंने कहा, ”यह वाकई दुखद है। देश भर से आस्थावान लोगों ने दान दिया था, और अब खबर है कि वह दान चोरी हो गया। मुझे लगता है कि यह दुखद और शर्मनाक है।” उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात की जांच करनी चाहिए कि क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यों हुआ?

कांग्रेस सांसद ने कहा कि देशव्यापी स्तर पर चंदा एकत्र करने के अभियान के तहत बहुत लोगों ने मंदिर के लिए योगदान दिया था और जिन्होंने चंदा इकट्ठा किया था, उन्हें भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, ”लोगों ने दान दिया है, महिलाओं ने तो अपनी बचत से दिया है, और गरीब लोगों ने भी दिया है… यह सिर्फ बड़ी कंपनियों से मिला पैसा नहीं है। यह आम नागरिकों से इकट्ठा किया गया चंदा है। इसे इकट्ठा करने के लिए अभियान चलाया गया था।”

प्रियंका ने कहा, ”इसके लिए कौन जिम्मेदार है? अगर आपने चंदा इकट्ठा किया था, तो उसे सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है।”   मंदिर में कथित चंदा गबन मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसे उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट की सिफारिशों के आधार पर दर्ज किया गया। सात जून को कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद एसआईटी का गठन किया गया था।  मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Spread the love